मुंबई:
महाराष्ट्र की राजनीति में BMC चुनाव से पहले हलचल तेज हो गई है। शिवसेना (ठाकरे गुट) को एक बड़ा झटका उस वक्त लगा जब पार्टी के दो वरिष्ठ नेता भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोल्हापुर के कागल से पूर्व विधायक और ठाकरे गुट के वरिष्ठ नेता संजयबाबा घाटगे आज BJP की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उनके साथ शेतकरी कामगार पार्टी के नेता और पूर्व विधायक पंडित पाटिल भी बीजेपी का दामन थामेंगे।
बताया जा रहा है कि दोनों नेता बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले की मौजूदगी में पार्टी में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में शक्ति प्रदर्शन भी किया जाएगा।
सूत्रों की मानें तो संजय घाटगे विधानसभा चुनाव के बाद से ही बीजेपी नेतृत्व के संपर्क में थे। वहीं, पंडित पाटिल के साथ-साथ उनके भाई और वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल पर भी बीजेपी की नज़र बनी हुई है। हालांकि, फिलहाल जयंत पाटिल महा विकास आघाड़ी (MVA) के साथ जुड़े हुए हैं।
कुछ दिन पहले भी हुए थे इस्तीफे
इससे पहले रविवार को ठाकरे गुट की नेता संजना घाड़ी और उनके पति संजय घाड़ी ने भी पार्टी छोड़ दी थी और शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल हो गए थे। उनके साथ कई कार्यकर्ता भी शामिल हुए थे।
संजना घाड़ी को मुंबई की सक्रिय महिला नेताओं में गिना जाता है। हाल ही में उनके पति संजय घाड़ी को पार्टी प्रवक्ता नियुक्त किया गया था। बताया जा रहा है कि प्रवक्ताओं की सूची में पहले संजना का नाम नहीं था, लेकिन अंतिम समय में नाम जोड़े जाने को लेकर वे नाराज़ थीं। माना जा रहा है कि इसी वजह से उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया।